top of page

जिला अस्पताल प्रशासन की सख्त पहल: मरीजों को बरगलाने वालों के लगे पोस्टर, प्राइवेट अस्पतालों में मचा हड़कंप

  • Writer: Sadre Alam khan
    Sadre Alam khan
  • Jun 13
  • 1 min read

ree

संतकबीरनगर | 13 जून 2025

जिला अस्पताल संतकबीरनगर में एक अनोखी और सख्त कार्यवाही देखने को मिली है। अस्पताल प्रशासन ने उन संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है जो अस्पताल परिसर में घूमकर मरीजों को बरगला कर निजी अस्पतालों की ओर भेजने का कार्य कर रहे थे।


मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देश पर ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरों वाले पोस्टर अस्पताल परिसर में सार्वजनिक रूप से लगाए गए हैं। इन पोस्टरों पर स्पष्ट शब्दों में लिखा है - "इनसे रहें सावधान, ये जिला अस्पताल के कर्मचारी नहीं हैं।"


मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि यह कार्यवाही अस्पताल प्रशासन की सतर्कता और मरीजों के हित में की जा रही है। उन्होंने कहा, "जिन भी संदिग्ध व्यक्तियों को अस्पताल परिसर में इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाएगा, उनके पोस्टर इसी तरह लगाए जाएंगे। साथ ही, शिकायत मिलने पर विधिक कार्यवाही भी की जा सकती है।"


इस कदम से जहां आमजन में जागरूकता बढ़ रही है, वहीं निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, कई निजी अस्पताल ऐसे दलालों के माध्यम से मरीजों को लुभाने का काम कर रहे थे, लेकिन अब इस अभियान के बाद उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगने की संभावना है।


स्वास्थ्य विभाग की इस पारदर्शी और जनहितकारी पहल की आम नागरिकों और मरीजों के परिजनों द्वारा सराहना की जा रही है।

 
 
 

Comments

Rated 0 out of 5 stars.
No ratings yet

Add a rating
bottom of page